Site icon Dainik Savera Times

Madhya Pradesh accident: खंडवा में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 की मौत अन्य कई घायल

Accident

Accident

Madhya Pradesh accident : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से दशहरे के अवसर पर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बता दें कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर गई, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के समय ट्रॉली में 20 से 22 लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के अरदला कलां गांव की है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ग्रामीण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तालाब पहुंचे थे। प्रतिमा को विसर्जित करने के बाद ट्रॉली पुलिया पर खड़ी की गई। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली तालाब में पलट गई। देखते ही देखते उसमें बैठे लोग पानी में डूबने लगे। ट्रॉली में सवार लगभग 20 से 25 लोग इस हादसे की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़े : Papankusha Ekadashi 2025: आज हैं पापांकुशा एकादशी का व्रत, जानें पूजा विधि और शुभ मुहूर्त

वहीं हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन भी तुरंत मौके पर पहुंचा। पानी में डूबे लोगों को बचाने के लिए जेसीबी और अन्य साधनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी भी मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक जताया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है।”

Exit mobile version