Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, 12 जख्मी

January 15, 2026

पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, 12 जख्मी

नेशनल डेस्क: भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में मकर संक्रांति के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने हुई टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भीषण हादसा बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बैरसिया थाना क्षेत्र में ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, विदिशा जिले के सिरोंज इलाके का एक परिवार मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में नर्मदा स्नान के लिए जा रहा था। परिवार के 15 सदस्य एक लोडिंग वाहन में सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि लोडिंग वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण टक्कर बेहद भयानक साबित हुई। हादसे में पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा- ईरान में प्रदर्शनकारियों की हत्याओं और फांसी पर लगी रोक

इस हादसे में जिन पांच लोगों की जान गई है, उनके नाम लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक और मुकेश अहिरवार बताए गए हैं। सभी मृतक एक ही परिवार से थे, जिससे परिवार और गांव में मातम का माहौल है। वहीं हादसे में घायल हुए अहिरवार परिवार के सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप और ज्योति का बैरसिया अस्पताल में इलाज जारी है। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही देर रात बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, स्थानीय विधायक विष्णु खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

बैरसिया थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेन ने बताया कि फिलहाल घायलों की हालत को देखते हुए उनके बयान नहीं लिए जा सके हैं। जैसे ही उनकी स्थिति में सुधार होगा, पुलिस सभी घायलों के बयान दर्ज कर हादसे की जांच आगे बढ़ाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: पंजाब के पड़ोसी राज्य में बड़ा हादसाः कई घरों में आग लगने से 5 लोगों की जलकर मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें