Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल गई 13 साल की छात्रा का अपहरण कर रात भर किया दुष्कर्म, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा

April 19, 2026

स्कूल गई 13 साल की छात्रा का अपहरण कर रात भर किया दुष्कर्म, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा

Crime News in MP : मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां, शुक्रवार को एक 13 साल की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा का स्कूल के बाहर से अपहरण कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से स्कूल गई थी। उसका घर स्कूल से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है। लेकिन जब वह शाम करीब 5 बजे तक घर नहीं लौटी, तो परिवार वाले चिंतित हो गए।

परिजनों में मचा हड़कंप
परिवार ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 9 बजे परिजनों ने झुकेही चौकी में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

रातभर चला सर्च ऑपरेशन
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और रातभर बच्ची की तलाश की गई।

बंद मकान से मिली बच्ची
शनिवार सुबह पुलिस झुकेही तालाब के पास बसोर बस्ती में सर्च कर रही थी। तभी एक बंद मकान से कुछ आवाजें और हलचल सुनाई दी। शक होने पर पुलिस ने तुरंत वहां छापा मारा और अंदर से बच्ची को बरामद कर लिया।

बच्ची के साथ हुआ गंभीर अपराध
बच्ची ने पुलिस को बताया कि दो बदमाश उसे जबरदस्ती वहां ले गए और रातभर उसके साथ गलत काम किया। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस
पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सनी कोहली (25 वर्ष), निवासी झुकेही, गोलू उर्फ दीपक बसोर (38 वर्ष), निवासी झुकेही के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि दीपक बसोर पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वह निगरानीशुदा बदमाश है।

बच्ची को मेडिकल के लिये भेजा गया अस्पताल
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। साथ ही उसकी मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए काउंसलिंग भी कराई जा रही है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
इस घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें