Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

14 दिसंबर को इंदौर विकास कार्यों की समीक्षा, मेट्रो अंडरग्राउंड रूट पर होगा बड़ा फैसला

December 11, 2025

14 दिसंबर को इंदौर विकास कार्यों की समीक्षा, मेट्रो अंडरग्राउंड रूट पर होगा बड़ा फैसला

इंदौर में जारी प्रमुख विकास कार्यों का जायजा मुख्यमंत्री मोहन यादव 14 दिसंबर को रेसीडेंसी कोठी में लेंगे। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा मेट्रो के अंडरग्राउंड कॉरिडोर का रहेगा। हाल ही में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रस्तावित रूट का मैदान निरीक्षण कर बंगाली कॉलोनी से भूमिगत लाइन शुरू करने का सुझाव दिया था। अब यह बैठक तय करेगी कि रूट में बदलाव होगा या पूर्व योजना को ही मंजूरी मिलेगी।

बैठक में बीआरटीएस कॉरिडोर की रेलिंग हटाने में हो रही देरी भी मुख्य एजेंडा रहेगा। करीब नौ माह से रेलिंग न हटने पर हाईकोर्ट नाराजगी जता चुका है। बीआरटीएस पर प्रस्तावित नए ब्रिजों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट आने के बाद अब इस पर भी निर्णय की उम्मीद है। अन्य महत्वपूर्ण शहरी परियोजनाओं की स्थिति पर भी विभागीय अधिकारी प्रेजेंटेशन देंगे।

नर्मदा–कालीसिंध लिंक प्रोजेक्ट, नर्मदा–शिप्रा लिंक योजना तथा सिंहस्थ से जुड़े शहर में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा होगी। वहीं मास्टर प्लान की 23 सड़कों पर काम शुरू हो चुका है, लेकिन कुछ मार्गों पर अभी अवरोधक निर्माण हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशन का कार्य तेज

इंदौर मेट्रो के भूमिगत स्टेशनों के निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है। एमजी रोड क्षेत्र में भाऊ शिंदे खेल परिसर के पास स्टेशन की खुदाई शुरू कर दी गई है तथा मशीनरी तैनात की जा चुकी है। अन्य स्थानों पर भी सर्वे पूरा हो चुका है। वर्तमान योजना में आठ से ज्यादा अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल हैं, लेकिन यदि रूट में संशोधन होता है तो स्टेशनों की संख्या बढ़ सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें