नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद वन क्षेत्र के गांव गुजरी डेहरिया में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ अचानक बस्ती में घुस आया। तेंदुए ने कई लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास (पिता गोकुल डावर, निवासी बडवेल) शामिल हैं। सभी का इलाज पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में चल रहा है।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ लोगों पर हमला करता दिखाई दे रहा है। कुछ लोग उसे पकड़ने की कोशिश करते नजर आते हैं। इसी दौरान एक युवक बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए को जमीन पर पटक देता है और उसके ऊपर बैठकर उसे काबू करने की कोशिश करता है। हालांकि, तेंदुआ खुद को छुड़ाकर फिर से भाग निकलता है और हमले जारी रखता है। इस दौरान एक वन अधिकारी पर भी तेंदुए ने जानलेवा हमला किया।
-मध्य प्रदेश के धार जिले के गांव गुजरी डेहरिया में तेंदुए का आतंक
-बस्ती में घुसकर 4 लोगों पर हमला
-युवक तेंदुए को जमीन पर पटक देता है और उसके ऊपर काबू करने की कोशिश करता है, लेकिन… #MadhyaPradesh #ViralVideo pic.twitter.com/w4RmhizzCn— RAJESH KUMAR (@RajeshK38247873) April 22, 2026
घटना के बाद पूरे गांव में डर फैल गया है। लोग अपने घरों में बंद हो गए हैं और बाहर निकलने से बच रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने की कोशिश शुरू की। बताया जा रहा है कि तेंदुआ अभी भी गांव के आसपास ही मौजूद है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है।
वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।