Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

MP News: मुरैना में बड़ा रेल हादसा, आग की अफवाह सुनकर ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 6 की मौत

June 14, 2026

MP News: मुरैना में बड़ा रेल हादसा, आग की अफवाह सुनकर ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 6 की मौत

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशनों के बीच उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसके बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए और दूसरी लाइन पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

ये भी पढे़ं :-

हादसे में 6 लोगों की मौत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रही थी एक्सप्रेस

बताया जा रहा है कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रही थी। इसी दौरान किसी यात्री ने डिब्बे में आग लगने की बात कही, जिससे ट्रेन में अफरातफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रोक दी और कई लोग नीचे उतर गए। इसी बीच पास की लाइन पर धौलपुर की ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई और कुछ यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और मुरैना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है।

दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग रहा प्रभावित

इस दुर्घटना के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को रास्ते में रोका गया, जबकि यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गईं। बाद में ट्रैक को साफ कर रेल यातायात सामान्य कर दिया गया।

मामले की जांच शुरू

रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेन में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का मानना है कि अफवाह के कारण घबराहट फैली और यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस और रेलवे की टीमें सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।

ये भी पढे़ं :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें