Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन ने तीन सगे भाइयों को कुचला

September 19, 2026

बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन ने तीन सगे भाइयों को कुचला

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है और तीनों भाई उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। वहां से लौटते समय तीनों ने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की और आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान सेवार की ओर से आ रही तेज रफ्तार माजदा वाहन ने तीनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे के बाद मृतक के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें