रायसेन: देश भर में तपती गर्मी और एक तरफ प्यास बुझाने की प्यास… घर से पानी भरने किलो मीटर दूर गई तीन मासूम कुंए में समा गई। इस खबर की जानकारी मिलते ही लोगों की आंखे भर सी गई… ये खबर मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की है। जहां, गैरतगंज तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़ी के ग्राम सगौर में शनिवार सुबह 2 सगी बहनों समेत तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम सगौर निवासी हल्केराम आदिवासी की दो बेटियां कुमारी राधा (12), कुमारी तनु और रामगोपाल की 12 वर्षीय बेटी अमृता गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं।
एक दूसरे को बचाने के चक्कर में गई जान
बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं। घटना के समय साथ में मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल गैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।