Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

MP: होटल के मेहमान को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने का वीडियो वायरल, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

November 18, 2026

MP: होटल के मेहमान को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने का वीडियो वायरल, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

भोपाल/सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बुधवार को छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इनमें एक एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एएसपी) और एक सब-डिविजनल ऑफिसर ऑफ पुलिस (SDOP) भी शामिल हैं। यह कार्रवाई एक छिपे हुए कैमरे (हिडन कैमरा) के वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जिसमें कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी को एक होटल मेहमान के बैग में गांजा रखने की धमकी देते हुए देखा गया, ताकि उसे किसी आपराधिक मामले में फंसाया जा सके। बाबरिया रोड स्थित एक होटल में रिकॉर्ड किया गया फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निलंबन और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

इस वीडियो में ऑडियो भी है, जिसके सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार और जबरन वसूली के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह फुटेज 13 नवंबर का है। इसमें एएसपी दीपक मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मी होटल में ठहरे एक युवा जोड़े से पूछताछ करते दिख रहे हैं। जब महिला ने अपने परिवार से संपर्क करने से मना कर दिया तो कथित तौर पर अधिकारी ने होटल स्टाफ को गांजा मंगाने और उसे युवक के बैग में रखने का निर्देश दिया, ताकि उसे किसी मामले में फंसाया जा सके।

युवा जोड़े ने पुलिस को बताया कि वे बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं। हालांकि, अधिकारियों ने उन पर अपने परिवारों से संपर्क करने का दबाव डाला। निलंबित किए गए अधिकारियों में एएसपी मिश्रा, एडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी शामिल हैं। इन आरोपों में ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय तिवारी का नाम भी सामने आया है।

सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पुलिसकर्मियों का ऐसा दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए अनुशासन और जवाबदेही बहुत जरूरी है। बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा, “सिवनी की घटना से जुड़े एक वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों का संदिग्ध आचरण सामने आया है। इसके बाद एक एएसपी और एक एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष व विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि दुर्व्यवहार के मामलों में सरकार की ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों पर जबरन वसूली के आरोप भी चर्चा में आ गए हैं। होटल मालिक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया कि अधिकारी पिछले दो महीनों से होटल चलाने की अनुमति देने के बदले हर महीने 50,000 रुपए की मांग कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) सतीश तिवारी, एसडीओपी मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय तिवारी उनसे नियमित रूप से पैसे मांग रहे थे।

सनोडिया का आरोप है कि उन्होंने अक्टूबर में तीनों अधिकारियों में से प्रत्येक को 10,000-10,000 रुपए दिए, और इसके अलावा टीआई को 20,000 रुपए दिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि मांगी गई रकम न दे पाने के बाद पुलिसकर्मियों ने 7, 8 और 9 अक्टूबर को होटल में तलाशी ली और वहां के कर्मचारियों तथा मेहमानों को धमकाया।

सनोडिया ने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर में कथित भुगतान विवाद को लेकर पुलिसकर्मियों ने यश मेश्राम के साथ मारपीट की, जिसे उन्होंने होटल किराए पर दिया था। 13 नवंबर को, एएसपी मिश्रा, एसडीओपी और टीआई कथित तौर पर एक पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे और एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) जब्त कर लिया। होटल मालिक के अनुसार, गुप्त कैमरों से जुड़ा एक दूसरा डीवीआर वहीं रह गया, जिसमें रिकॉर्डिंग सुरक्षित बची रही।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें