नेशनल डेस्क: महेश्वर की रहने वाली ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोसले से जुड़ा मामला अब बड़ा मोड़ ले चुका है। जांच में पता चला है कि मोनालिसा नाबालिग है, जिसके बाद उसके पति फरमान खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कैसे हुआ खुलासा?
मोनालिसा के पिता ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में शिकायत की थी। इसके बाद आयोग की जांच में सामने आया कि मोनालिसा की उम्र शादी के समय करीब 16 साल थी। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार उसकी जन्म तिथि 30 दिसंबर 2009 है।
कहां हुई थी शादी?
मोनालिसा ने 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में उत्तर प्रदेश के फरमान खान से शादी की थी। यह मामला तब चर्चा में आया जब वह प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष बेचते हुए वायरल हुई थी। जांच के बाद फरमान खान के खिलाफ POCSO Act एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है।
परिवार का आरोप, आगे की कार्रवाई
मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जबरन अंतरधार्मिक विवाह के लिए मजबूर किया गया। आयोग ने मध्य प्रदेश और केरल पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही शादी से जुड़े अधिकारियों को भी तलब किया गया है।
स्थानीय नेता का बयान:
महेश्वर क्षेत्र के विधायक राजकुमार मेव ने दावा किया कि यह मामला “लव जिहाद” से जुड़ा है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन्म से जुड़े दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि मोनालिसा नाबालिग है। फिलहाल मामला जांच में है और आगे की कार्रवाई पुलिस रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

