Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ-2025: प्रयागराज में जल्द डिजिटल कुंभ संग्रहालय बनाएगी सरकार

October 3, 2024

महाकुंभ-2025: प्रयागराज में जल्द डिजिटल कुंभ संग्रहालय बनाएगी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अगले साल आयोजित होने वाले महाकुंभ को भव्य बनाने के लिए सरकार जल्द डिजिटल कुंभ संग्रहालय बनाएगी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विचार के अनुरूप प्रयागराज में ‘डिजिटल कुंभ संग्रहालय’ बनाने की तैयारी कर रहा है। यहां श्रद्धालु डिजिटल माध्यमों से समुद्र मंथन देख सकेंगे। इसके अलावा, कुंभ, महाकुंभ सहित अन्य धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल कुंभ संग्रहालय के लिए 21.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं जिनमें से छह करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। लगभग 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस संग्रहालय में एक साथ 2000 से 2500 लोग भ्रमण कर सकेंगे।

सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत डिजिटल संग्रहालय में समुद्र मंथन की 14 रत्नों वाली गैलरी बनाई जाएगी। डिजिटल माध्यम से समुद्र मंथन के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। डिजिटल स्क्रीन सहित अन्य माध्यमों से प्रयागराज महाकुंभ-कुंभ, हरिद्वार, नासिक, उज्जैन कुंभ आदि के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इसके अलावा, लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। टिकट काउंटर भी बनाया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि श्रद्धालु अगर मर्यादा पुरुषोत्तम राम के वनवास के समय उनके प्रवास स्थल यानी चित्रकूट के दर्शन करना चाहते हैं तो इसके लिए ‘चित्रकूट टूरिज्म ऐप’ तैयार किया गया है।

इस मोबाइल ऐप्लीकेशन पर दर्शनीय स्थलों का नाम, महत्व, दर्शन के समय समेत समग्र जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि ऐप्लीकेशन में ‘फेस्टिवल और इवेंट’ पर क्लिक करने पर महाकुंभ, चित्रकूट महोत्सव, रामनवमी, राष्ट्रीय रामायण मेला आदि की विस्तार से जानकारी मिलेगी। साथ ही, महाकुंभ में विशेष स्नान की तिथियां, महत्व आदि के बारे सूचना दी गई है।

ये भी पढ़ें-शुरू होने से 10 मिनट पहले रद्द हुई एमएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा, ओएमआर शीट में गड़बड़ी के कारण लिया गया फैसला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें