Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ 2025 : हाईटेक कंट्रोल रूम का क‍िया जा रहा न‍िर्माण, यहां बनेगी रणनीति, होगी वीआईपी मीटिंग

November 20, 2024

महाकुंभ 2025 : हाईटेक कंट्रोल रूम का क‍िया जा रहा न‍िर्माण, यहां बनेगी रणनीति, होगी वीआईपी मीटिंग

प्रयागराज: महाकुंभ 2025 को सनातन धर्म का सबसे बड़ा आयोजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार हर आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है। दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम में किसी तरह की कोई बाधा न पहुंचे और साथ ही यहां आने वाले 45 करोड़ लोगों की सुरक्षा का पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है।

इसके लिए मेला क्षेत्र में हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। इस कंट्रोल रूम में हाई लेवल मीटिंग के अलावा आला अफसरों की टीमें बैठकर महाकुंभ के लिए रणनीति तैयार करेंगी। खास बात ये है कि इस कंट्रोल रूम का निर्माण बॉलीवुड के प्रसिद्ध आर्ट डायरेक्टर द्वारा कराया जा रहा है। उनका दावा है कि विशेष सुविधाओं वाला यह कंट्रोल रूम 7 दिन के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा।

अपर मेलाधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि कंट्रोल रूम में श्रद्धालुओं को लेकर होने वाले जरूरी इंतजाम के लिए वीआईपी मीटिंग होंगी। साथ में कॉन्फ्रेंस हॉल और करोड़ों लोगों तक सही समय पर उचित जानकारी पहुंचाने के लिए मीडिया के ब्लॉक भी बनाए जा रहे हैं। इस कंट्रोल रूम में 50 से अधिक अफसरों के अलग-अलग प्रकार के केबिन बनाए जा रहे हैं। जिसमें सुरक्षा, प्रशासनिक कार्यों के साथ साथ चिकित्सा, पेयजल संबंधित कार्यों की निगरानी की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मेला प्राधिकरण ने विशेष इंतजाम किया है। इसी के तहत हाईटेक कंट्रोल रूम बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके निर्माण में जुटे मुंबई से आए आर्ट डायरेक्टर और वास्तुकार पवन पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कंट्रोल रूम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सात दिनों के भीतर इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। जिससे बड़े पैमाने पर महाकुंभ से जुड़ी योजनाओं की जल्द से जल्द मॉनिटरिंग शुरू हो सकेगी।

देश-विदेश से महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न होने पाए, इसके लिए रणनीति बनाने का काम भी इसी कंट्रोल रूम से किया जाएगा। विभागीय समन्वय के लिए यहीं पर कॉन्फ्रेंस हॉल रहेंगे और जन सुविधाओं से संबंधित जानकारी के लिए मीडिया के ब्लॉक भी यहीं पर अलग से बनाए जा रहे हैं।

महाकुंभ के दौरान चप्पे चप्पे पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम तो बनाया ही जा रहा है, साथ में इस कंट्रोल रूम के चारों तरफ ड्रोन से हर गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी। सुविधा के लिहाज से इस कंट्रोल रूम को एल शेप का आकर दिया जा रहा है, जिसमें अफसर से लेकर उनके स्टाफ तक के लिए हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कंट्रोल रूम में एंट्री के लिए तीन विशेष दरवाजे भी बनाए जा रहे हैं, जिसका काम अंतिम चरण में चल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें