Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Maharashtra : अटल सेतु से 1 वर्ष में हर दिन औसतन 22,689 वाहन गुजरे

January 14, 2025

Maharashtra : अटल सेतु से 1 वर्ष में हर दिन औसतन 22,689 वाहन गुजरे

Maharashtra : भारत के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु पर प्रतिदिन 23,000 से भी कम वाहनों का औसत आवागमन दर्ज किया गया, जबकि आरंभ में अटल सेतु से प्रतिदिन 56,000 से अधिक वाहनों के आवागमन का अनुमान जताया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक साल पहले 12 जनवरी, 2024 को लगभग 22 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन किया था, जो मुंबई के शिवड़ी को नवी मुंबई के चिर्ले से जोड़ता है। यह पुल महाराष्ट्र में एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना के पूरा होने का प्रतीक है। लगभग 17,840 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘अटल बिहारी वाजपेयी शिवड़ी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ भारत का सबसे लंबा पुल है और देश में समुद्र पर बनी सबसे लंबी संरचना भी है। सोमवार को एक विज्ञप्ति में मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने कहा कि अटल सेतु (पूर्व में मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक या एमटीएचएल) ‘‘आधुनिक बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और दक्षता के प्रतीक के रूप में उभर रहा है’’।

पुल का निर्माण होने ने मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा का समय कम हो गया
सरकार द्वारा संचालित एजेंसी ने कहा कि ठाणे खाड़ी के ऊपर बने इस पुल ने पिछले वर्ष 83,06,009 वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाया, जिससे मुंबई और नवी मुंबई के बीच सुगम एवं तेज यातायात में महत्वपूर्ण योगदान मिला। एमएमआरडीए की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2021 तक (इस संरचना का उद्घाटन काफी देर बाद किया गया था) औसतन 57,525 वाहन प्रतिदिन इस पुल का उपयोग करेंगे और 2031 तक यह संख्या 88,550 हो जाएगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि उद्घाटन के बाद 14 जनवरी, 2024 को लोगों के उपयोग के लिए खोले जाने के ठीक बाद एक दिन में 61,807 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई जबकि बाद में पुल पर दैनिक 22,689 वाहनों की औसत आवाजाही देखी गई। समुद्र पर लगभग 16.5 किलोमीटर और जमीन पर 5.5 किलोमीटर की लंबाई वाला छह लेन का यह पुल मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आगामी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (इस वर्ष के अंत में चालू होने की उम्मीद) के बीच तेज संपर्क प्रदान करेगा। इस पुल का निर्माण होने ने मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा का समय कम हो गया है, साथ ही मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच संपर्क में सुधार हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें