नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय युवक पर नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण करने, उनके वीडियो बनाने और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है।
आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
कहां का है मामला?
यह मामला अमरावती जिले के परतवाड़ा और अचलपुर इलाके से जुड़ा है। यहां इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर करीब 100 अश्लील वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें नाबालिग लड़कियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक : PM मोदी ने किया श्रीगुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन, बोले- यह पल हमेशा याद रहेगा
कैसे करता था अपराध?
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले लड़कियों से दोस्ती करता था और उन्हें रिश्ते का भरोसा दिलाता था। इसके बाद वह उनका शोषण करता और बिना उनकी जानकारी के वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। फिर उन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें डराकर ब्लैकमेल किया जाता था।
मामला कैसे सामने आया?
यह मामला तब उजागर हुआ, जब राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे और बीजेपी प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और साइबर टीम वायरल वीडियो को हटाने में जुटी हुई है।
पीड़ित सामने आने से डर रहे
पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पीड़िता या उनके परिवार ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सामाजिक दबाव और डर की वजह से लोग सामने नहीं आ रहे हैं। पुलिस ने सभी पीड़ितों से आगे आने की अपील की है और भरोसा दिया है कि उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी उजैर खान इक़बाल खान को भी गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने वीडियो डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलाया। पुलिस के अनुसार, करीब 100 वीडियो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
कितनी लड़कियां प्रभावित?
स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि इस मामले में 100 से ज्यादा लड़कियां प्रभावित हो सकती हैं। कुछ लोग तो 180 लड़कियों और 350 वीडियो तक की बात कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल 8 पीड़ितों की ही पुष्टि की है। अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी ने कहा कि सभी पीड़ितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जांच जारी है। फॉरेंसिक टीम डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर कर रही है।
ये भी पढ़ें: अंडमान सागर में हादसा: रोहिंग्या-बांग्लादेशियों से भरी डूबी नाव, 250 लोग लापता
पुलिस की पहल
पुलिस ने महिला अधिकारियों की मदद से एक विशेष हेल्पलाइन शुरू की है, ताकि पीड़ित सुरक्षित तरीके से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि किसी भी पीड़िता की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है।
मामला बना राजनीतिक मुद्दा
इस घटना ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। कुछ नेताओं ने आरोपी के संबंध एक राजनीतिक दल से होने का आरोप लगाया है, हालांकि उस दल ने इससे इनकार किया है। घटना के बाद परतवाड़ा और अचलपुर में विरोध प्रदर्शन हुए हैं और कुछ संगठनों ने बंद का आह्वान भी किया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं और वीडियो कितने बड़े स्तर पर फैलाए गए। जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।

