Site icon Dainik Savera Times

महाराष्ट्र: मोटरसाइकिल सवार ने महिला पर हेलमेट से किया हमला, भीड़ ने की आरोपी की पिटाई  

मुंबई: दक्षिण मुंबई में रोड रेज की एक घटना में एक मोटरसाइकिल सवार ने कथित तौर पर पैदल जा रही एक महिला को धक्का दे दिया और अपने हेलमेट से उस पर हमला भी किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार शाहिन आलम शेख (33) को गिरफ्तार कर लिया और बाद में उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

यह घटना शनिवार रात को हुई थी। पुलिस के अनुसार महिला जेजे फ्लाईओवर के नीचे निजाम मार्ग पर टैक्सी का इंतजार कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी ने उसके पैर में टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा डांटने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, उसे सड़क पर धक्का दे दिया और हेलमेट से उसके सिर पर वार किया।

उन्होंने बताया कि कुछ ही देर में भीड़ वहां एकत्र हो गई और शेख की पिटाई शुरू कर दी। शेख ने भागने का प्रयास किया और दावा किया कि वह पुलिसकर्मी है। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और शेख को भीड़ के चंगुल से बचाया तथा उसे नजदीकी अस्पताल ले गई। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118, 79 और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version