Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Maharashtra News : ठाणे के अस्पताल में मरीज की मौत के बाद चिकित्सक पर हमला

February 8, 2025

Maharashtra News : ठाणे के अस्पताल में मरीज की मौत के बाद चिकित्सक पर हमला

Maharashtra News : महाराष्ट्र में ठाणे शहर के एक निजी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद उसके रिश्तेदारों द्वारा चिकित्सक पर हमला करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक (24) की शिकायत के आधार पर चितलसर पुलिस ने पांच फरवरी को हुई इस घटना में शामिल तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पीड़ित डॉ. नितिन अनिल तिवारी 30 वर्षीय एक महिला का इलाज कर रहे थे, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। महिला की मौत से गुस्साए उसके परिजनों ने चिकित्सा टीम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने चिकित्सक को गालियां दीं और धमकाया तथा उनमें से एक ने स्टील की कुर्सी से चिकित्सक पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र मेडिकेयर सेवा व्यक्ति और मेडिकेयर सेवा संस्थान (हिंसा और संपत्ति को नुकसान या हानि की रोकथाम) अधिनियम, 2010 की धारा 118 (1) (स्वेच्छा से खतरनाक तरीकों से गंभीर चोट पहुंचाना) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक पर हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गयी है लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें