Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र में बारिश का कहर… ठाणे में बहा युवक, Air India की ट्रैवल एडवाइजरी जारी

September 28, 2025

महाराष्ट्र में बारिश का कहर… ठाणे में बहा युवक, Air India की ट्रैवल एडवाइजरी जारी

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के कई जिलों में आज सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ठाणे में बहा युवक, अंधेरी सबवे बंद

भारी बारिश के कारण ठाणे की उल्हास नदी उफान पर है और एक व्यक्ति इसके तेज बहाव में बह गया। ठाणे में बीते 24 घंटों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मुंबई में अंधेरी सबवे को जलभराव के चलते बंद कर दिया गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। पालघर जिले में भी कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

एअर इंडिया ने दी यात्रा से पहले सतर्कता बरतने की सलाह

बारिश के चलते विमानों के परिचालन पर असर पड़ रहा है। एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई एयरपोर्ट से उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना है। एयरलाइंस ने यात्रियों को हिदायत दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जांच अवश्य करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे।

आपदा से निपटने के लिए NDRF की तैनाती

IMD की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने विभिन्न जिलों में कुल 6 टीमें तैनात की हैं। इनमें सोलापुर में दो, धरणशिव में दो, बीड़ और लातूर में एक-एक टीम भेजी गई है। पुणे, मुंबई, नागपुर और ठाणे में पहले से मौजूद टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। NDRF कमांडेंट संतोष बहादुर सिंह के मुताबिक, इन टीमों की तैनाती लोगों की जान और माल की रक्षा सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता देने के लिए की गई है।

प्रशासन की अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

ठाणे और पालघर जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ठाणे नगर निगम की आपदा प्रबंधन इकाई के प्रमुख यासिन तड़वी ने बताया कि बारिश की वजह से पेड़ गिरने और जलभराव जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें