Site icon Dainik Savera Times

सेल्फी का जुनून बना मौत की वजह, तीन दोस्तों की एक साथ उठी अर्थी… इलाके में पसरा मातम

Maharashtra Selfie Tragedy

Maharashtra Selfie Tragedy

अमलनेर: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर में सेल्फी लेने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पानी से भरी एक गहरी खदान में डूबने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक दोस्त का पैर फिसलने के बाद उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों भी गहरे पानी में गिर गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना अमलनेर के चोपड़ा रोड स्थित फ्लाईओवर के पास मंगलवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, मानव रतनानी, कार्तिक उधवानी और दिनेश पंजवानी घूमने के लिए इलाके में पहुंचे थे। वहां पानी से भरी एक गहरी खदान के किनारे खड़े होकर तीनों मोबाइल से ग्रुप सेल्फी ले रहे थे।

इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह करीब 30 फीट गहरे पानी में जा गिरा। उसे बचाने के लिए दूसरे दोस्त ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा। इसके बाद तीसरे दोस्त ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी गहरे पानी में गिर गया। देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे को वहां मौजूद एक ऑटो रिक्शा चालक ने देखा। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रय कारंडे, तहसीलदार सीयू पाटील और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

इलाके में शोक, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। यह घटना एक बार फिर खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने के बढ़ते चलन पर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रोमांच या फोटो खिंचवाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें और ऐसी जगहों से दूरी बनाए रखें।

Exit mobile version