Site icon Dainik Savera Times

राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, महेश भागचंदका समेत 3 नए ट्रस्टी बने

Mahesh Bhagchandka and three others are new trustees Ram Temple

Mahesh Bhagchandka and three others are new trustees Ram Temple

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों के नाम पर मुहर लग गई है। इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। महेश भागचंदका को पूर्व विश्व हिंदू परिषद नेता अशोक सिंघल का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इन तीनों को ट्रस्ट में शामिल करने का फैसला राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में लिया गया। यह बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी में हो रही है।

आज मिल सकता है राम मंदिर ट्रस्ट को पहला CEO

राम मंदिर ट्रस्ट को आज अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भी मिल सकता है। CEO के चयन के लिए बनाई गई कमेटी ने अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी है। अब ट्रस्ट की बैठक में अंतिम नाम पर फैसला होने की उम्मीद है। CEO के नाम का औपचारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है। CEO पद के लिए चार नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है। इनमें पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व IPS अधिकारी परेश सक्सेना और IAS अधिकारियों योगेश्वर राम मिश्रा तथा दिनेश चंद्र सिंह के नाम भी चर्चा में हैं।

5,500 से ज्यादा लोगों ने किया था आवेदन

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए थे। जानकारी के मुताबिक, इस पद के लिए 5,500 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था। उम्मीदवारों को बाद में एक गूगल फॉर्म भेजा गया। इसमें कुल 600 अंकों के सवाल पूछे गए थे। इनमें से 3,500 से ज्यादा उम्मीदवारों ने फॉर्म भरकर अपनी जानकारी और जवाब भेजे। इसके आधार पर उम्मीदवारों की मार्किंग की गई।

108 उम्मीदवारों को मिले 470 से ज्यादा अंक

मार्किंग के बाद करीब 108 उम्मीदवार ऐसे पाए गए, जिन्होंने 600 में से 470 से ज्यादा अंक हासिल किए। इसके बाद इन उम्मीदवारों का वर्चुअल इंटरव्यू लिया गया। वर्चुअल इंटरव्यू के बाद 17 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इन सभी को अंतिम इंटरव्यू के लिए अयोध्या बुलाया गया।

अयोध्या में हुआ फाइनल इंटरव्यू

अंतिम इंटरव्यू में उम्मीदवारों की कई स्तरों पर जांच की गई। इसमें उनकी लीडरशिप क्षमता, आस्था, चुनौतियों को समझने की क्षमता और मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने की समझ जैसी बातों को देखा गया। फाइनल इंटरव्यू के बाद आखिर में 3 नामों को शॉर्टलिस्ट किया गया और उनकी रिपोर्ट राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी गई। अब ट्रस्ट इन नामों में से CEO के लिए अंतिम चयन करेगा।

CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। इसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे। अब सभी की नजरें ट्रस्ट की बैठक पर हैं, जहां नए ट्रस्टियों के साथ-साथ राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम का भी औपचारिक ऐलान होने की उम्मीद है।

Exit mobile version