Site icon Dainik Savera Times

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, इन दो एयरलाइन्स के विमान आए आमने-सामने

Ahmedabad Airport

Ahmedabad Airport

Ahmedabad Airport: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बड़ा हादसा होते-होते बचा, दरअसल एयर इंडिया और इंडिगो के विमान टैक्सीवे पर कुछ समय के लिए आमने-सामने आ गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों विमानों को सही समय पर रोक लिया।

जानकारी के अनुसार, मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट ने पार्किंग बे की ओर जाते गलत मोड़ लेकर टैक्सीवे पर पहुंच गई, जहां पर इंडिगो का विमान पहले से ही खड़ा था। घटना की खबर मिलते ही ATC ने तुरंत दोनों विमानों के पायलटों से संपर्क किया और फ्लाइट्स को रोका, जिस समय विमानों को रोका गया। उस समय उनके बीच की दूरी केवल 200 मीटर की ही बची थी। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इसके बाद एयर इंडिया के विमान को खींचकर सही पार्किंग बे तक ले जाया गया।

एयर इंडिया ने कहा है कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जा रही फ्लाइट AI2493 लैंडिंग के बाद टैक्सींग के दौरान गलती से मुड़ गई। इस हादसे से यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा। विमान को टो करके वापस पार्किंग बे तक लाया गया। मामले की जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

वहीं इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 24 जून 2026 को अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 5160 टेकऑफ के लिए टैक्सी कर रही थी। इसी दौरान एयर इंडिया का विमान गलती से इंडिगो के विमान के रास्ते में आ गया। दोनों विमान सुरक्षित दूरी पर रुक गए, जिससे टक्कर होने से बच गई। बाद में दूसरे विमान को टो करके हटाया गया, जिसके बाद इंडिगो की फ्लाइट रवाना हुई। इंडिगो की फ्लाइट सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई है। यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version