Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

झांसी में बड़ा हादसा: रोड रोलर से टकरायी तेज रफ्तार बस,10 से 15 लोग घायल

April 9, 2025

झांसी में बड़ा हादसा: रोड रोलर से टकरायी तेज रफ्तार बस,10 से 15 लोग घायल

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बता दें कि, झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक निजी यात्री बस के तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर रोड रोलर से टकरा गई। जिसकी वजह से 10 से 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक होमगार्ड समेत तीन की हालत गंभीर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या से मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर जा रही एक निजी स्लीपर बस झांसी-कानपुर राजमार्ग पर चिरगांव थाना क्षेत्र में सेमरी टोल प्लाजा पार करने के बाद तेज रफ्तार होने के कारण सड़क पर खड़े रोड रोलर से टकरा गई। दुर्घटना के समय बस में 60 से 70 यात्री सवार थे। टक्कर होते ही बस चालक बस छोड़कर भाग गया, जबकि यात्री चीखने-चिल्लाने लगे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेमरी टोल प्लाजा से एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। एक होमगार्ड समेत तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। घायलों में चिरगांव के करगुंवा निवासी होम गार्ड जवान अलख प्रकाश राजपूत और मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछौर निवासी किशन लोधी और रामकुमार लोधी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर है, सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने इस भीषण गर्मी में बस यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की तथा शेष यात्रियों को दूसरी सरकारी बस से उनके गंतव्य तक भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- आज पाकिस्तान जाएंगे 2840 सिख श्रद्धालु, अकेली महिला को नहीं दिया गया वीजा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें