Site icon Dainik Savera Times

पर्यटकों को ले जा रहे टेम्पो ट्रैवलर के साथ बड़ा हादसा, दो की मौत व 20 घायल

नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल में पर्यटकों को ले जा रहे एक टेम्पो ट्रैवलर के यहां नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर पलट जाने से उसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गयी जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि मृत पर्यटक आईटी सेवा कंपनी एचसीएल की 21 सदस्यीय टीम का हिस्सा थे, जो दिल्ली एनसीआर से नैनीताल घूमने आए थे।

सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार को कालाढूंगी से छह किमी दूर उस समय हुई जब चालक ने दूसरे वाहन से आगे निकलने की कोशिश में कथित तौर पर टेम्पो से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि टेम्पो एक रेलिंग से टकराकर सड़क पर पलट गया, जिससे दो महिलाओं – जया शाक्य (23) और सयोनी दुबे (28) की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पलटे हुए वाहन को बाद में बुलडोजर की मदद से सीधा किया गया और फंसे पर्यटकों को बचाया गया। उन्होने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Exit mobile version