Site icon Dainik Savera Times

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: 33 हजार से अधिक की रिश्वत लेते ASI को किया गिरफ्तार

Punjab Vigilance Bureau

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। बता दें कि फरीदकोट जिले के थाना जैतो में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) हरपाल सिंह को 33,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई फरीदकोट तहसील के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।

NDPS केस में जांच अधिकारी था आरोपी ASI

प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता के पति और सास के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें ASI हरपाल सिंह जांच अधिकारी (IO) के रूप में तैनात था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ASI ने इस केस में मदद करने और पुलिस रिमांड से बचाने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 80,000 रुपये में तय हुआ और आरोपी ASI ने पहले 40,000 रुपये की किस्त पहले ही ले ली थी।

दूसरी किस्त मांगते समय रिकॉर्डिंग भी की गई

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने दूसरी किस्त के रूप में 40,000 रुपये की मांग की थी। इस पूरी बातचीत को शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें रिश्वत मांगने के सबूत मौजूद हैं।

विजिलेंस ने जाल बिछाकर की गिरफ्तारी

रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट फरीदकोट से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ASI हरपाल सिंह को 33,500 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें…

मामला दर्ज, जांच जारी

इस मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version