नेशनल डेस्क: ओडिशा के अंगुल जिले में एक छोटे व्यवसायिक परिसर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि बीती रात बंतला चौक के एक खाने-पीने की दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटनास्थल पर हड़कंप
घटना के दौरान आसपास के लोग दुकान से उठती भारी आग और धुएं को देखकर डर गए। कई लोग तुरंत इधर-उधर भागे, जबकि कुछ ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। स्थानीय लोग आग पर काबू पाने की शुरुआती कोशिश में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे तुरंत नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
दमकल की टीम ने बचाई अन्य दुकानों को
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दो दमकल गाड़ियों के साथ आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने लगातार पानी की धारा और अन्य उपकरणों का उपयोग कर आग को काबू में लाने की कोशिश की। बावजूद इसके, आग ने लगभग दो घंटे तक विकराल रूप लिया।
लाखों का आर्थिक नुकसान, कई दुकानें जलकर खाक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिलेंडर विस्फोट और इसके बाद लगी आग में 10 से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों ने कुछ राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें:
पुलिस और अग्निशमन विभाग जांच में जुटे
पुलिस और अग्निशमन विभाग आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर विस्फोट कैसे हुआ और क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

