
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को CBSE का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है, जबकि वरुण भारद्वाज को बोर्ड का नया सचिव बनाया गया है।
इसके साथ ही सरकार ने CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवाओं की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया है। यह समिति OSM प्रणाली से जुड़े सभी मामलों की विस्तार से जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि खरीद प्रक्रिया में सभी नियमों और प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन किया गया था या नहीं।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस जांच समिति की अध्यक्षता कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान करेंगी। उन्हें आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों और सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों की सहायता लेने का अधिकार भी दिया गया है। समिति को प्रशासनिक और सचिवीय सहयोग कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने समिति को निर्देश दिया है कि वह अपनी जांच पूरी कर एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपे।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और OSM टेंडर प्रक्रिया को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। छात्रों, शिक्षकों और विभिन्न संगठनों द्वारा पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग भी की जा रही थी। ऐसे में सरकार का यह कदम CBSE की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर रहेगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि OSM सेवाओं की खरीद और संचालन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई थी या नहीं।