नेशनल डेस्क: नए साल से पहले बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने पूर्व अग्निवीरों को बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने BSF में कांस्टेबल भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों का आरक्षण 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) की मंजूरी के बाद लागू किया गया है।
सरकार ने यह बदलाव बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स एक्ट 1968 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए किया है। इसके लिए BSF जनरल ड्यूटी कैडर (नॉन-गैजेटेड) भर्ती नियम, 2015 में संशोधन किया गया है। नए नियमों को BSF जनरल ड्यूटी कैडर (नॉन-गैजेटेड) भर्ती (संशोधन) नियम 2025 नाम दिया गया है, जो 18 दिसंबर 2024 से लागू हो चुके हैं।
भर्ती में कैसे होगा आरक्षण?
नए नियमों के मुताबिक, हर भर्ती वर्ष में BSF की कुल वैकेंसी में से 50 प्रतिशत सीटें पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगी। इसके अलावा 10 प्रतिशत सीटें पूर्व सैनिकों के लिए और 3 प्रतिशत सीटें कॉम्बैटाइज्ड कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) के लिए तय की गई हैं, जिन्हें सीधी भर्ती के जरिए भरा जाएगा।
ये भी पढ़ें: Citroen Basalt vs Kia Sonet: फीचर्स से लेकर परफॉर्मेंस तक, कौन-सी कॉम्पैक्ट SUV है बेहतर विकल्प?
भर्ती दो चरणों में होगी
पहले चरण में नोडल फोर्स द्वारा केवल पूर्व अग्निवीरों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षित पदों पर भर्ती की जाएगी। दूसरे चरण में स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) के जरिए बाकी 47 प्रतिशत पदों पर भर्ती होगी। इसमें पूर्व सैनिकों के लिए तय 10 प्रतिशत कोटा भी शामिल रहेगा। इसके साथ ही, पहले चरण में किसी विशेष श्रेणी में बची हुई पूर्व अग्निवीरों की सीटों को भी इसी चरण में भरा जाएगा।
महिला उम्मीदवारों को लेकर क्या होगा?
महिला उम्मीदवारों के लिए वैकेंसी की संख्या हर साल BSF के डायरेक्टर जनरल द्वारा फोर्स की जरूरत को देखते हुए तय की जाएगी।
पूर्व अग्निवीरों को मिलेगी बड़ी छूट
सरकार ने पूर्व अग्निवीरों को भर्ती प्रक्रिया में कई अहम छूट भी दी हैं। उन्हें फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से पूरी तरह छूट दी जाएगी। चूंकि अग्निवीर पहले ही सेना में कड़ा शारीरिक प्रशिक्षण ले चुके होते हैं, इसलिए उन्हें दोबारा फिजिकल टेस्ट से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा आयु सीमा और सीधी भर्ती से जुड़ी छूट का भी प्रावधान किया गया है।
यह फैसला अग्निवीर योजना के तहत सेवा दे चुके युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे हजारों पूर्व अग्निवीरों को BSF में करियर बनाने का सुनहरा मौका मिलेगा।
Video: Railway पुल पर लटक कर खतरनाक Stunt कर रहा शख्स, देखें खौफनाक तस्वीरें

