Dainik Savera Times

बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड ने नकतिया नदी के पुनर्जीवन के लिए की बड़ी पहल, 10 लाख वेटिवर स्लिप लगेंगी

नेशनल डेस्क: बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड ने नकतिया नदी के पुनर्जीवन और उसके आसपास के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है। रविवार को आयोजित सामुदायिक जनसंपर्क एवं नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम में 600 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण, प्राणि उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने किया।

अभियान के तहत नदी के किनारे और आसपास बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही नदी के प्रवाह क्षेत्र और तटों पर करीब 10 लाख वेटिवर स्लिप लगाने की पहल शुरू की गई है। कैंटोनमेंट बोर्ड के अनुसार वेटिवर नदी के किनारों को स्थिर करने, मिट्टी के कटाव को कम करने, सतही जल के बहाव को फिल्टर करने और नदी क्षेत्र की पारिस्थितिक क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा।

करीब 30 टन प्लास्टिक कचरा हटाया

नदी और उसके आसपास व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया। इस दौरान करीब 30 टन जमा प्लास्टिक कचरा और अन्य गंदगी हटाई गई। नदी में कचरा पहुंचने की आशंका वाले नालों और निचले इलाकों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही लोगों को नदी में प्लास्टिक, ठोस कचरा और अन्य प्रदूषक पदार्थ नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया।

वर्मी कंपोस्टिंग यूनिट शुरू

कार्यक्रम के दौरान एक नए वर्मी कंपोस्टिंग शेड और यूनिट का भी उद्घाटन किया गया। यहां जैविक कचरे को उपयोगी जैविक खाद में बदला जाएगा, जिसका इस्तेमाल पौधरोपण और बागवानी गतिविधियों में किया जा सकेगा। कैंटोनमेंट बोर्ड के मुताबिक यह पहल कचरे के पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल ठोस कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देगी।

‘नाथ गंगा’ नाम देने का प्रस्ताव

कार्यक्रम के दौरान नदी को नई पहचान देने की मांग भी उठी। मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने सुझाव दिया कि बरेली को ‘नाथ नगरी’ के रूप में पहचाने जाने और नकतिया नदी के धोपेश्वर नाथ मंदिर के निकट से गुजरने को देखते हुए नदी का नाम ‘नाथ गंगा’ रखा जा सकता है। इस सुझाव का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वागत किया।

प्रेस रिलीज के अनुसार नदी व्यापक गंगा नदी तंत्र का हिस्सा है। ऐसे में ‘नाथ गंगा’ नाम बरेली की आध्यात्मिक पहचान और नदी के बड़े पारिस्थितिक संबंध, दोनों को दर्शाता है। हालांकि नदी का औपचारिक नाम बदलने का प्रस्ताव निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत सक्षम अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

 

भूजल की वैज्ञानिक जांच भी होगी

नदी पुनर्जीवन अभियान के साथ बरेली कैंटोनमेंट क्षेत्र में वैज्ञानिक जियोफिजिकल सर्वे और भूजल आकलन भी शुरू किया गया है। विशेषज्ञ टीम क्षेत्र के भूमिगत भूजल स्तर, उसकी उपलब्धता और नदी तथा आसपास के एक्वीफर के बीच संबंध का अध्ययन करेगी।

इस अध्ययन के आधार पर भूजल रिचार्ज के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान और जल संरक्षण से जुड़े उपाय तैयार करने में मदद मिलेगी। सर्वे के निष्कर्षों को नदी पुनर्जीवन की व्यापक योजना में शामिल किया जाएगा, ताकि सतही जल और भूजल प्रबंधन को एक साथ आगे बढ़ाया जा सके।

लंबे समय के लिए तैयार होगी पुनर्जीवन योजना

कैंटोनमेंट बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल पौधरोपण या सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नदी को लंबे समय तक पुनर्जीवित करने की व्यापक मुहिम की शुरुआत है। प्रस्तावित योजना में जल गुणवत्ता की जांच, प्रदूषणकारी जल प्रवाह की पहचान और रोकथाम, नदी किनारों का पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, कटाव नियंत्रण, पौधरोपण, भूजल रिचार्ज, जैव विविधता बढ़ाना और कचरे को नदी में पहुंचने से रोकना शामिल होगा।

कैंटोनमेंट बोर्ड ने स्थानीय निवासियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। बोर्ड का लक्ष्य नकतिया नदी को भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरणीय रूप से जीवंत नदी के रूप में विकसित करना है।

Exit mobile version