Site icon Dainik Savera Times

बिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की बड़ी कार्रवाई, 3.28 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा

नेशनल डेस्कः बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। पथ निर्माण विभाग में सहरसा अंचल के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता लगाया गया है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में की गई है।

जांच में सामने आया है कि इंजीनियर विजय कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 140 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। अब तक की जांच में उनके पास कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की अवैध संपत्ति का पता चला है। इसमें उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर भी करोड़ों रुपये की संपत्ति शामिल है।

पांच ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
विशेष निगरानी इकाई की टीम ने बुधवार सुबह से इंजीनियर विजय कुमार के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी। यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही। जिन स्थानों पर तलाशी ली गई, उनमें पटना के दानापुर स्थित गोला रोड का साईं शरणम आवासीय परिसर, सहरसा में पथ निर्माण विभाग का सरकारी कार्यालय और सरकारी आवास शामिल हैं। इसके अलावा औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र की ब्राह्मण टोली स्थित उनका पैतृक घर और पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट में भी तलाशी ली गई।

पत्नी के नाम पर भी 1.29 करोड़ रुपये की संपत्ति
जांच के दौरान इंजीनियर विजय कुमार और उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर बड़ी मात्रा में संपत्ति का पता चला है। अब तक की जांच में दोनों के नाम पर 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति सामने आई है। वहीं, चल और अचल संपत्ति को मिलाकर कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये की अवैध संपत्ति का पता चला है। जांच में यह भी सामने आया है कि केवल पत्नी के नाम पर ही करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये की अवैध संपत्ति है।

छापेमारी के दौरान खिड़की से बाहर फेंकी गई नोटों की गड्डियां
छापेमारी के दौरान पटना के गोला रोड स्थित साईं शरणम फ्लैट से एक हैरान करने वाली बात सामने आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब जांच टीम फ्लैट के अंदर पहुंचने की कोशिश कर रही थी और दरवाजा नहीं खुला, तो कुछ लोगों ने खिड़की से नोटों की गड्डियां बाहर फेंकनी शुरू कर दीं। बाद में इन नोटों को जब्त कर लिया गया। इतना ही नहीं, फ्लैट में रखी कई फाइलों के अंदर भी नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान टीम को 31 लाख 42 हजार रुपये नकद मिले।

इसके अलावा दो बैंकों में जमा करीब 10 लाख रुपये से जुड़े दस्तावेज, 23 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहने और एलआईसी, टाटा एआईजी सहित दूसरी बीमा कंपनियों में किए गए निवेश के कागजात भी मिले हैं।

नौ बैंक खातों में जमा मिले 1.29 करोड़ रुपये
जांच के दौरान इंजीनियर और उनकी पत्नी के नाम पर कई बैंक खाते भी सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक में दोनों के नाम पर कुल सात बैंक खाते और बैंक ऑफ बड़ौदा में दो खाते मिले हैं। इन नौ बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा दंपती के नाम पर एक स्कॉर्पियो और एक आई-10 कार भी मिली है।

पत्नी के नाम पर कई प्लॉट और मकान
जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर फ्लैट, प्लॉट और जमीन खरीदने की जानकारी भी मिली है। अब तक सामने आई संपत्तियों में पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजीडेंसी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 303 शामिल है। यह फ्लैट पत्नी के नाम पर बताया गया है। इसके अलावा पत्नी के नाम पर पटना के गोला रोड स्थित रामजयपाल नगर सहकारी गृहनिर्माण समिति में एक प्लॉट और दानापुर के सहजादपुर मौजा में भी जमीन मिली है।

वहीं, दानापुर के गोला रोड पर विजय कुमार के नाम से छह मंजिला मकान होने की जानकारी सामने आई है। इसी इलाके की वास्तुगंगा कॉलोनी में साईं शरणम नाम से तीन मंजिला मकान भी मिला है। जांच एजेंसी को इन संपत्तियों से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
विशेष निगरानी इकाई ने इस मामले में अपने थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में कांड संख्या 27/2026 दर्ज की गई है। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक मिली संपत्ति शुरुआती जांच का हिस्सा है। सभी दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश की जांच पूरी होने के बाद अवैध संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Exit mobile version