Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, 26 यात्री घायल

June 1, 2026

हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, 26 यात्री घायल

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के सप्तऋषि इलाके में एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई और 26 अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, यात्रियों का एक दल राजस्थान से डबल डेकर बस में हरिद्वार आया था। सभी श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शांतिकुंज के पास बस को सड़क किनारे बैक किया जा रहा था। अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस हाईवे पर पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई और कई लोग बस के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें: आईपीएल 2026: RCB ने रचा इतिहास, लगातार दो खिताब जीतने वाली बनी तीसरी टीम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस को पलटता देखकर सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान डंपर भी अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने एक ढाबे में जा घुसा। डंपर की चपेट में वहां खड़ी एक बोलेरो गाड़ी भी आ गई, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गई। बचावकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर (राजस्थान) के रूप में हुई है। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है

एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि बस में लगभग 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने क्रेन की सहायता से पलटी हुई बस को हटाने का काम शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें: Myanmar में भीषण विस्फोट, 55 लोगों की मौत, 100 से अधिक घर तबाह

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें