नेशनल डेस्क: दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुअरा गांव के पास हुआ, जहां एक ट्रैवलर वाहन ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैवलर में तमिलनाडु के 24 पर्यटक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बुजुर्ग पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरातफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
एक की मौत, 19 लोग घायल
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 72 वर्षीय राजू एम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जो तमिलनाडु के कांचीपुरम के निवासी थे। दुर्घटना में चालक समेत 19 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में कविता (47 वर्ष), कायल कन्नन (50 वर्ष), सिलवा (43 वर्ष), दिव्यदर्शनी (19 वर्ष), के. परी (10 वर्ष), श्रीलता (50 वर्ष) और बालाजी के (49 वर्ष) शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।
वाराणसी से गया जा रहे थे पर्यटक
वाराणसी के रहने वाले घायल संजय पाल ने बताया कि सभी पर्यटक वाराणसी से गया की ओर जा रहे थे। ट्रैवलर वाहन का नंबर यूपी 65 एनटी 5223 बताया गया है। घटना सुबह करीब तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि चालक सोनू पाल को रास्ते में झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। डेहरी मुफस्सिल थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मृतक के परिजन चेन्नई से फ्लाइट के जरिए रवाना हो चुके हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आई वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन की रफ्तार और सड़क की स्थिति क्या थी। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता और पर्याप्त आराम की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...