Site icon Dainik Savera Times

मेघालय में UDP को बड़ा झटका, 8 विधायक BJP में हुए शामिल

join bjp

नेशनल डेस्कः पूर्वोत्तर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। मेघालय की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायक BJP में शामिल हो गए हैं। इन विधायकों का BJP में औपचारिक रूप से स्वागत केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने किया। इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई। इसमें किरेन रिजिजू ने बताया कि UDP के इन 8 विधायकों ने पार्टी छोड़कर BJP का साथ क्यों चुना।

PM मोदी की लीडरशिप और पूर्वोत्तर का विकास बना वजह
किरेन रिजिजू ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और खास तौर पर मेघालय में कई बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूर्वोत्तर के लोगों के साथ जुड़ाव और इस क्षेत्र के विकास पर दिया गया ध्यान इन विधायकों को प्रभावित करने वाली प्रमुख वजहों में शामिल है। रिजिजू के मुताबिक, पूर्वोत्तर में BJP ने विकास की राजनीति को एक अलग दिशा दी है। इन 8 विधायकों ने भी पिछले वर्षों में हुए विकास और सरकार के कामकाज को देखा और इससे प्रभावित होकर BJP के साथ आने का फैसला किया। उन्होंने सभी 8 विधायकों का BJP परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उनका जुड़ना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है।

 

BJP में शामिल हुए UDP के 8 विधायक
मेघालय की UDP से BJP में शामिल होने वाले 8 विधायकों के नाम इस प्रकार हैं।

-लखमेन रिम्बुई
-पायस मारवेन
-किर्मेन श्यल्ला
-मायरालबॉर्न सिएम
-मैथ्यू कुर्बाह
-ओलन सिंह सुइन
-बालाजीद कुपर सिनरेम
-सिनशर लिंगदोह थबाह

इन सभी विधायकों के BJP में शामिल होने के बाद मेघालय की राजनीति में इसका असर देखने को मिल सकता है।

कौन हैं लखमेन रिम्बुई
BJP में शामिल होने वाले नेताओं में लखमेन रिम्बुई प्रमुख नाम हैं। संबित पात्रा ने बताया कि रिम्बुई तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे 2008, 2018 और 2023 में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। लखमेन रिम्बुई ने 2018 से 2023 के बीच मेघालय सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान वे शिक्षा, वन एवं पर्यावरण, गृह और पुलिस जैसे विभागों के मंत्री रहे। इसके बाद 2025 से अब तक वे शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और कानून जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस तरह लंबे राजनीतिक अनुभव और सरकार में मंत्री के तौर पर काम करने की वजह से रिम्बुई का BJP में शामिल होना खास माना जा रहा है।

पायस मारवेन भी BJP में शामिल
संबित पात्रा ने बताया कि पायस मारवेन भी BJP में शामिल होने वाले 8 विधायकों में शामिल हैं। पायस मारवेन ने कम उम्र में ही चुनावी राजनीति में अपनी जगह बनाई। उन्हें 35 साल की उम्र में विधायक चुना गया था। वे 2018 और 2023, यानी दो बार मेघालय विधानसभा के लिए चुने गए। फिलहाल वे मेघालय सरकार कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन के चेयरमैन के तौर पर काम कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री किर्मेन श्यल्ला भी BJP के साथ
UDP छोड़कर BJP में शामिल होने वाले नेताओं में किर्मेन श्यल्ला भी शामिल हैं। किर्मेन श्यल्ला 2018 और 2023 में दो बार विधायक चुने गए। उन्होंने मेघालय सरकार में मंत्री के तौर पर भी काम किया है। वे 2023 से 2025 तक राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रहे। उनके BJP में शामिल होने से भी मेघालय की राजनीति में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मेघालय की राजनीति में बड़ा बदलाव
UDP के 8 विधायकों का एक साथ BJP में शामिल होना मेघालय की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम है। इन विधायकों में कई ऐसे नेता हैं जिन्हें विधानसभा और सरकार में काम करने का अनुभव रहा है। BJP नेताओं के अनुसार, इन विधायकों के पार्टी में आने के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में हुए विकास कार्य और BJP की विकास केंद्रित राजनीति प्रमुख कारण हैं। वहीं, इन 8 विधायकों के BJP में शामिल होने के बाद मेघालय में क्षेत्रीय राजनीति और BJP के बीच राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है।

Exit mobile version