नेशनल डेस्कः टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है। जहां, बताया जा रहा है कि घटना के करीब 16 घंटे के अंदर पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन तीनों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र से पकड़े जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, कोटा पुलिस ने अभी तक इनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुंबई से ट्रेन के जरिए कोटा पहुंचे थे संदिग्ध
जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के मामले में हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्ध मुंबई से ट्रेन में सवार होकर निकले थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि वे पुणे-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हैं। इसके बाद जांच के दौरान तीनों को कोटा रेलवे कॉलोनी इलाके से पकड़े जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीन संदिग्धों में से एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में उनकी क्या भूमिका थी और हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई थी फायरिंग
यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू स्थित फुटबॉल मैदान से अपनी गाड़ी में निकल रहे थे। उस समय वहां उनके प्रशंसकों की काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अभिनेता की गाड़ी पर लगातार सात गोलियां चला दीं।
हमले में बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
फायरिंग की इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए। हालांकि, उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। घटना के समय अभिनेता के साथ करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज भी मौजूद थे। उनकी गाड़ियां टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के पीछे चल रही थीं। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद से पुलिस हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। अब कोटा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद जांच में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, संदिग्धों की गिरफ्तारी और हमले में उनकी भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।

