महेंद्रगढ़। मार्च में मौसम में दिखे लगातार बदलावों के बाद अप्रैल माह में भी हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में बड़े उलटफेर की संभावना जताई गई है। पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अप्रैल महीने में कुल 7-8 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
अगले सप्ताह बदलेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अप्रैल के पहले पखवाड़े में 2-3 और 7-8 अप्रैल को दो प्रमुख पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। इसके बाद 11-12 अप्रैल से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होगी और मैदानी राज्यों, विशेषकर हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और हल्की बारिश-बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इसके चलते दिन और रात के तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहेंगे।
10 दिन चलेंगी तेज हवाएं
दूसरे पखवाड़े में पश्चिमी मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने के साथ गुजरात और राजस्थान पर प्रति चक्रवातीय परिसंचरण तंत्र विकसित होने से तापमान में अस्थायी वृद्धि हो सकती है। वहीं तीसरे सप्ताह में यह परिसंचरण तंत्र कमजोर पड़ने लगेगा और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अप्रेल माह के अंतिम 10 दिनों में फिर से तेज हवाएं, आंधी-तूफान और हल्की बारिश/बूंदाबांदी की संभावना रहेगी।
बार-बार बदलेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने चेताया कि कुल मिलाकर अप्रैल माह में मौसम बार-बार बदलता रहेगा। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेंगे और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी, मैदानी राज्यों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं।
बुधवार को हरियाणा और एनसीआर दिल्ली में मौसम परिवर्तनशील बना रहा। सुबह से बादलों की आवाजाही रही और राज्य के पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी की गतिविधियां हुईं। दिन और रात के तापमान में अधिकांश स्थानों पर हल्की गिरावट दर्ज की गई।

