Site icon Dainik Savera Times

ममता बनर्जी ने प्रदर्शनकारी छात्रों को धमकाने के आरोपों से किया इनकार

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राज्य में प्रदर्शनकारी छात्रों को धमकाने के आरोपों को खारिज किया और कहा कि ये उनके खिलाफ कथित दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। सुश्री बनर्जी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में अपने संदेश में कहा, “मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि मैंने छात्रों या उनके आंदोलन के खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा है। मैं उनके आंदोलन का पूरी तरह से समर्थन करती हूं। उनका आंदोलन वास्तविक है। मैंने उन्हें कभी धमकी नहीं दी, जैसा कि कुछ लोग मुझ पर करने का आरोप लगा रहे हैं। यह आरोप पूरी तरह से झूठा है।” इस बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने नौ अगस्त की घटना की त्वरित जांच की मांग को लेकर एस्प्लेनेड में विरोध मार्च का नेतृत्व किया और प्रदर्शनकारियों को सुश्री बनर्जी की कथित धमकी के आरोपों की निंदा की।

कांग्रेस ने यह मार्च बुधवार को भाजपा के आह्वान पर 12 घंटे के बंगाल बंद के आयोजन के एक दिन बाद निकाला आया है। भाजपा ने दावा किया है कि कल के बंद के दौरान उसके 1,350 समर्थकों को गिरफ्तार किया गया और 210 घायल हुए। पार्टी ने गिरफ्तारियों के खिलाफ एस्प्लेनेड में डोरीना क्रॉसिंग पर सात दिवसीय धरना-प्रदर्शन भी शुरू किया है। पार्टी नेताओं ने अगले सात दिनों के लिए प्रदेश भर के सभी मजिस्ट्रेट कार्यालयों पर भी प्रदर्शन शुरू किया है। पश्चिम बंगाल सरकार के स्वामित्व वाले अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों का काम बंद करना गुरुवार को 21वें दिन भी जारी रहा, जबकि मुख्यमंत्री ने बुधवार को उनसे काम पर लौटने की अपील की थी।

Exit mobile version