Site icon Dainik Savera Times

ममता ने दुबई में पश्चिम बंगाल को निवेश के लिए अनुकूल गंतव्य के रूप में प्रर्दिशत किया

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को दुबई में एक व्यापार बैठक की मेजबानी की और राज्य को निवेश के लिए एक अनुकूल गंतव्य के रूप में प्रर्दिशत किया। ‘दुबई व्यापार समझता है, बंगाल का मतलब व्यापार’ शीर्षक वाली इस बैठक को संबोधित करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल, भारत का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां 99 प्रतिशत आबादी को किसी न किसी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा मिलती है।

ममता ने कार्यक्रम में मौजूद संयुक्त अरब अमीरात(यूएई) के विदेश व्यापार राज्य मंत्री थानी बिन अहमद अल जायौदी को ‘बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट’ में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया, जो इस साल नवंबर में होने वाला है। उन्होंने कहा, ”बंगाल में होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए दुबई को हमारा साझेदार बनना चाहिए। दोनों जगहों की संस्कृति एक जैसी है। बंगाल एकमात्र जगह है, जहां आप विविधता में एकता देख सकते हैं। यही हमारे विकास का उद्देश्य है।”

उन्होंने कहा, ”मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि बंगाल, भारत का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां हम 99 फीसदी लोगों को सामाजिक सुरक्षा दे रहे हैं। हमारी सरकार महिलाओं और युवाओं से लेकर अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग, सभी का ख्याल रखती है।” बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल भारत-यूएई व्यापार संबंधों में प्रमुख भूमिका निभाता है।

Exit mobile version