Site icon Dainik Savera Times

ऑनलाइन काम का झांसा देकर 1.18 करोड़ की ठगी, एक गिरफ्तार

There was a fraud about working from home

There was a fraud about working from home

Man arrested for duping Rs 1.18 crore : नारनौल। महेंद्रगढ़ पुलिस ने टेलीग्राम पर ऑनलाइन वर्क का झांसा देकर 1.18 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए जोधपुर निवासी दिव्यांशु को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अब 17 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि आरोपी दिव्यांशु के बैंक खाते में ठगी की रकम में से एक लाख रुपये सीधे ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह साइबर ठगों से कमीशन लेकर अपने बैंक खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर करवाता था। इससे पहले गिरफ्तार किए गए 16 आरोपियों से पुलिस 20 हजार रुपये नकद, 26 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 59 एटीएम कार्ड, 22 चेकबुक, आठ कैशबुक, 12 पासबुक, 17 सिम कार्ड सहित अन्य सामान बरामद कर चुकी है।

घर बैठे काम करने का था झांसा

पुलिस के अनुसार खैराना निवासी सुनील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे टेलीग्राम पर घर बैठे ऑनलाइन काम करने का संदेश मिला। एक वेबलिंक के माध्यम से उसका पंजीकरण कराया गया और उसे एक ग्रुप से जोड़ दिया गया, जहां वेबसाइट पर दिए गए टास्क पूरे करने पर उसके अकाउंट में राशि दिखाई जाने लगी। शुरुआती भुगतान मिलने के बाद विश्वास में लेकर साइबर ठगों ने उसे अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रुपये जमा करवाने के लिए प्रेरित किया।

दोस्तों से उधार लेकर लगा दिए रुपये

शिकायतकर्ता ने अपनी जमा पूंजी के साथ-साथ दोस्तों और रिश्तेदारों से उधार लेकर विभिन्न बैंक खातों में कुल 1,18,47,353 रुपये जमा कर दिए। इसके बावजूद ठग उससे और पैसे जमा कराने का दबाव बनाते रहे, जबकि वेबसाइट पर उसके अकाउंट में 1,52,03,443 रुपये प्रदर्शित किए जा रहे थे। ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महेंद्रगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऑनलाइन जॉब और अधिक मुनाफे के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस स्टेशन को दें।

Also Read

Exit mobile version