Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

गले में फंसा रसगुल्ला और रूक गईं सांसे… शादी में खाना खा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत

March 16, 2026

गले में फंसा रसगुल्ला और रूक गईं सांसे… शादी में खाना खा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत

नेशनल डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह में खाना खाते समय एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रसगुल्ला खाते समय वह गले में फंस गया, जिससे उनकी सांस रुक गई और कुछ ही देर में उनकी जान चली गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव की है। यहां रहने वाले 41 वर्षीय ललित सिंह शुक्रवार देर रात गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। शादी का माहौल था और मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। ललित सिंह भी अन्य लोगों के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रसगुल्ला खाया, लेकिन अचानक वह उनके गले में फंस गया।

रसगुल्ला गले में फंसते ही ललित सिंह को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद करने की कोशिश की। कुछ लोगों ने उनकी पीठ थपथपाई और रसगुल्ला बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। धीरे-धीरे उनकी हालत और खराब होती चली गई। इसके बाद ग्रामीण और परिजन उन्हें तुरंत जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के मुताबिक, रसगुल्ला गले में फंसने की वजह से उनकी सांस की नली पूरी तरह बंद हो गई थी। इसके कारण शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई रुक गई और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर और गांव में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। वहां अचानक मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें