Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में खौफनाक वारदात, व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 3 बेटियों को उतारा मौत के घाट

February 25, 2026

दिल्ली में खौफनाक वारदात, व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 3 बेटियों को उतारा मौत के घाट

नेशनल डेस्क: दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। चंदन पार्क में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन छोटी बेटियों की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने धारदार हथियार से चारों का गला काट दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह समयपुर बादली थाने को सूचना मिली कि चंदन पार्क स्थित एक घर में चार लोगों की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची, जब पुलिस ने घर का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में एक महिला और तीन मासूम बच्चियों के शव खून से सने हुए पड़े थे। चारों के गले पर तेज धार वाले हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और जरूरी सैंपल इकट्ठा किए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतकों की पहचान अनीता (30 वर्ष) और उनकी तीन बेटियों के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग तीन, चार और पांच साल बताई जा रही है। अनीता के पति का नाम मुंचन केवट है, जो दिल्ली के आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था और फिलहाल इसी मकान में किराए पर रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के बाद से मुंचन केवट घर से गायब है। पुलिस उसे इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मान रही है। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह घर का दरवाजा खुला था और काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने घर को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का पता चल सके। फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Video: हरियाणा के 590 करोड़ घोटाले में 4 गिरफ्तार, कौन है असली जिम्मेदार?

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें