Site icon Dainik Savera Times

मणिपुरः तीन प्रतिबंधित संगठनों के 6 सदस्य गिरफ्तार

इंफाल। मणिपुर के इंफाल पश्चिम और काकचिंग जिलों से तीन प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के कामेंग सबल में प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के शिविर से चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूजी के गिरफ्तार सदस्य ताखेलमायम विक्टर (23), हुइड्रोम विकास सिंह (25), ओइनम नाओचा (19) और अवंगशी जॉन (33) जबरन वसूली में शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि वे इंफाल और उसके आसपास के इलाकों में लोगों, दुकानों, ‘स्टोन क्रशरों’, सरकारी कर्मचारियों और फार्मेसियों से जबरन वसूली में संलिप्त पाए गए। उन्होंने बताया कि उनके पास से पांच आग्नेया और विभिन्न वस्तुएं बरामद की गईं। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित प्रेपक (पीआरओ) संगठन के एक सक्रिय सदस्य को बुधवार को इंफाल पश्चिम के सिंगजामेई ओकराम लेइकाई से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पेबम ढाकेशोर सिंह (51) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा, वह अपने एक सहयोगी द्वारा दिए गए एक मोबाइल फोन का उपयोग करके सिंगजामेई क्षेत्र में लोगों से जबरन वसूली में शामिल था।’’ प्रतिबंधित केसीपी (सिटी मैतेई) के एक सदस्य मोइरंगथेम गोबिन (38) को काकचिंग जिले के एरुम्पल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह काकचिंग और थौबल जिलों में जबरन वसूली में भी शामिल था।

मई 2023 में राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद मणिपुर पुलिस केंद्रीय बलों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चला रही है। मई 2023 से इम्फाल घाटी स्थित मैतेई और आसपास की पहाड़ियों पर रहने वाले कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: बटाला में CM भगवंत मान ने दी करोड़ों की सौगात, कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Exit mobile version