Mann Ki Baat 134th Episode : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने देश के खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्हें बधाई दी और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
Sharing this month’s #MannKiBaat. Do tune in! https://t.co/FhoBe0Hp6L
— Narendra Modi (@narendramodi) May 31, 2026
रांची में हुई राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का किया उल्लेख
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में झारखंड की राजधानी रांची में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और कई नए कीर्तिमान स्थापित किए। चार अलग-अलग स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे, जो भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व की बात है।
इन खिलाड़ियों ने बनाया नया इतिहास
पीएम मोदी ने उन खिलाड़ियों का विशेष रूप से उल्लेख किया जिन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और लगन देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
100 मीटर दौड़ रही चर्चा का विषय
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रतियोगिता का एक इवेंट पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह इवेंट पुरुषों की 100 मीटर दौड़ थी। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों के भीतर 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इस शानदार प्रदर्शन के पीछे दो खिलाड़ियों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मन की बात में खिलाड़ियों से की सीधी बातचीत
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से फोन पर बातचीत भी की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिस्पर्धी भावना की जमकर प्रशंसा की।पीएम मोदी ने कहा कि आमतौर पर लोग संगीत में जुगलबंदी के बारे में सुनते हैं, लेकिन अब खेलों में भी एक नई तरह की जुगलबंदी देखने को मिल रही है। एक खिलाड़ी रिकॉर्ड बनाता है, दूसरा उसे तोड़ देता है, और फिर नया रिकॉर्ड बन जाता है। यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करती है।
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं दोनों धावक
प्रधानमंत्री ने गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से कहा कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को उनसे आने वाले समय में और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
खिलाड़ियों को दी बधाई
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि भारत के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारतीय एथलीट विश्व मंच पर और अधिक सफलता हासिल करेंगे।

