Manohar Lal Khattar : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल लोकसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को समर्पित कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विकसित भारत के अमृत काल की थीम के तहत लोगों को मोदी सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यों से अवगत कराना था। मनोहर लाल ने देश के विकास में भाजपा सरकार की भूमिका पर प्रकाश डाला और पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
जब मीडिया ने राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र चुनावों में धांधली के आरोपों से संबंधित सवाल पूछे तो केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘नाच न जाने आंगन टेढ़ा’ कहावत राहुल गांधी पर बिल्कुल फिट बैठती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी न तो काम करना जानते हैं और न ही उन्हें यह समझ है कि पार्टियां कैसे चलाई जाती हैं, चुनाव कैसे लड़े जाते हैं और लोगों को उनसे कैसे जोड़ा जाता है। उनके पास कोई ठोस कार्यक्रम नहीं है। और जब उन्हें कुछ नहीं मिलता तो वे अपनी थाली छोड़कर दूसरों की थाली देखने लगते हैं। केंद्रीय मंत्री ने इसे राहुल गांधी की दयनीय सोच करार देते हुए कहा कि वे बिना किसी तथ्य के बेबुनियाद आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं, जिसका अब जनता पर कोई असर नहीं हो रहा है।
मनोहर लाल ने कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी द्वारा पार्टी के भीतर तीन घोड़ों की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति घोड़ों को नहीं जानता, वह घोड़ों पर टिप्पणी करने के योग्य नहीं है। राहुल गांधी अपने ही कार्यकर्ताओं को अपमानजनक शब्दों में संबोधित करते हैं और उनका अपमान करते हैं, ऐसे लोग समाज को क्या सकारात्मक संदेश देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है कि वे अपनी बात किस तरह रखते हैं, लेकिन अभी यह कहना मुश्किल है कि सिर्फ प्रचार तेज करने से कोई नतीजा निकलेगा या नहीं।
व्यंग्यात्मक लहजे में उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कांग्रेस किसी तरह खड़ी रहे। केंद्रीय मंत्री ने मजाक में कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी खड़ी नहीं हो रही है तो उन्हें (भाजपा वालों को) सलाहकार के तौर पर रख लेना चाहिए, भाजपा अपनी पार्टी खड़ी कर लेगी।

