नई दिल्ली: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को संसद को बताया कि इंटीग्रल कोच फैक्टरी, चेन्नई में बीईएमएल के साथ मिलकर हाई-स्पीड ट्रेन सैट का डिजाइन बनाया जा रहा है और निर्माण किया जा रहा है, जिसकी गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। वैष्णव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत वंदे भारत ट्रेनों की सफलता के बाद, भारतीय रेलवे (आईआर) ने अब हाई-स्पीड ट्रेन सैट का डिजाइन बनाना और निर्माण शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसदों सुधीर गुप्ता और अनंत नायक द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘निर्माण लागत लगभग 28 करोड़ रुपए प्रति कार (करों को छोड़कर) है, जो अन्य ट्रेन सैट की तुलना में काफी प्रतिस्पर्धी है।’ मंत्री ने कहा, ‘हाई-स्पीड ट्रेन सैट का डिजाइन और निर्माण एक जटिल और गहन प्रौद्योगिकी वाली प्रक्रिया है।’ उन्होंने प्रमुख तकनीकी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। इनमें वायुगतिकीय, वायुरोधी कार बॉडी का डिजाइन और निर्माण, उच्च गति के अनुप्रयोग के लिए प्रणोदन सहित इलैक्ट्रिक्स का डिजाइन और निर्माण, ट्रेन सैटों का वजन अनुकूलन और ट्रेनों की हीटिंग, वैंटिलेशन और वातानुकूलन शामिल है।
इंटीग्रल कोच फैक्टरी में 280 किमी/घंटे की गति वाली हाईस्पीड ट्रेन का निर्माण जारी: Ashwini Vaishnaw

