नेशनल डेस्क: बिहार के छपरा-सिवान मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-531 पर बनवार फ्लाईओवर ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब छह बजे हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक और पिकअप वाहन आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह टूट गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें: Weather Update: कहीं बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, कहीं गर्मी और उमस से बढ़ेगी लोगों की परेशानी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र से जुड़े एक आर्केस्ट्रा दल के सदस्य बताए जा रहे हैं। वे किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
कई घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल में डॉक्टरों ने कई घायलों की हालत गंभीर बताई है। कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों का इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: Aaj ka Rashifal 8 May 2026: कुंभ राशि वालों को आज बरतनी होगी सावधानी, जानें सभी 12 राशियों का भविष्यफल
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद एनएच-531 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर खून के निशान और टूटे हुए वाहन के हिस्से बिखरे पड़े थे। हादसे की वजह से काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

