नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के नागपुर जिले की कटोल तहसील के राउलगांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। खनन और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए विस्फोटक बनाने वाली कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है और 18 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।
नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने जानकारी दी कि विस्फोट सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उस समय फैक्ट्री में मजदूर विस्फोटक तैयार करने की प्रक्रिया में लगे हुए थे। अचानक हुए इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय यूनिट के अंदर करीब 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई। आग और धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई घरों में दरारें आने और शीशे टूटने की खबर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके से जमीन तक हिल गई थी, जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक निर्माण के दौरान तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

