Site icon Dainik Savera Times

Myanmar में भीषण विस्फोट, 55 लोगों की मौत, 100 से अधिक घर तबाह

Myanmar blast

Myanmar blast

इंटरनेशनल डेस्क: म्यांमार के शान प्रांत में रविवार को एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा चीन सीमा के पास स्थित नामखाम टाउनशिप के काउंग तात गांव में हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे गांव में भारी तबाही मच गई।

मृतकों में 25 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। कई क्षतिग्रस्त इमारतों और मकानों से शव निकाले जा रहे हैं।

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, विस्फोट में 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गांव का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया है, जिसके कारण कई परिवार बेघर हो गए हैं। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: नहीं रही ये मशहूर सिंगर, ‘ना ना करते प्यार तुम्हीं से’ गाने से किया था लोगों के दिलों पर राज

विद्रोही संगठन ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने दावा किया है कि यह हादसा खनन कार्यों के लिए कथित तौर पर जमा किए गए विस्फोटक पदार्थों में लापरवाही के कारण हुआ। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

टीएनएलए के राजनीतिक संगठन पलाउंग स्टेट लिबरेशन फ्रंट ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। संगठन ने कहा है कि विस्फोट की पूरी जांच कराई जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों या संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संगठन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया है। वहीं स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं। बचावकर्मी लगातार अभियान चलाकर जीवित लोगों की तलाश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Punjab Weather: पंजाब में मौसम ने बदला मिजाज… 4 जून तक बारिश-आंधी की चेतावनी, IMD नें कई जिलों में जारी किया येलो अलर्ट

 

Exit mobile version