Site icon Dainik Savera Times

गुजरात में प्लास्टिक की दुकान में भीषण आग, 10 लाख का सामान जलकर राख

Massive Fire at Plastic Wholesale Shop in Gujarat : बिलिमोरा (गुजरात)। गुजरात के नवसारी जिले के बिलिमोरा में देररात एक प्लास्टिक की होलसेल दुकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार पटाखों के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बिलिमोरा आईटीआई के सामने स्थित प्लास्टिक की होलसेल दुकान में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि पटाखों के कारण दुकान के पीछे रखे सामान में आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा प्लास्टिक का सामान तेजी से जलने लगा। दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों और दुकानदार ने तत्काल अग्निशामक यंत्रों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती रही। इसके बाद तत्काल फायर विभाग को सूचना दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही बिलिमोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए गणदेवी नगर पालिका की फायर टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया। इसके बाद दोनों नगर पालिकाओं की दमकल टीमों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की। समय रहते दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से आग को आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया।

दुकानदार ने बताया कि इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा करीब 8 से 10 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है। शुरुआती जानकारी में पटाखों को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Exit mobile version