Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत, लाखों का सामान जलकर राख

June 6, 2026

हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत, लाखों का सामान जलकर राख

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में शुक्रवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया। रामपुर रोड स्थित एक अमेजन स्टोर में अचानक आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में स्थित अमेजन के स्टोर में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे आग लग गई। शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने आग को देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

शटर तोड़कर शुरू किया गया बचाव अभियान

दमकल कर्मियों ने स्टोर का शटर तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश की और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा स्टोर जल चुका था, जब टीम अंदर पहुंची तो वहां दो कर्मचारियों के शव मिले। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दोनों की मौत आग में झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से हुई।

दो कर्मचारियों की गई जान

मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर क्षेत्र निवासी अमित के रूप में की जा रही है। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर मौजूद थे और वहीं सो रहे थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को भी मौके पर बुलाकर पहचान की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

वाहन और सामान भी जलकर खाक

आग लगने से स्टोर में रखा बड़ी मात्रा में सामान पूरी तरह जल गया। इसके अलावा चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और वहां खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्टोर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है और स्थानीय प्रशासन ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें