Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

Patna के होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत, 2 की हालात गंभीर

April 25, 2024

Patna के होटल में लगी भीषण आग, 6 की मौत, 2 की हालात गंभीर

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में बृहस्पतिवार को भीषण आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य की हालात गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक (पटना सेंट्रल) चंद्र प्रकाश ने बताया कि अब तक छह लोगों की मौत हुई है जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया दो अन्य व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि बाकी घायल खतरे से बाहर हैं।

प्रकाशा ने बताया कि मृतकों की पहचान करने के बाद उनके परिजनों को सूचित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए विशेष टीम बुलाई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्र ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित उक्त बहुमंजिला इमारत से अग्निशमन कर्मियों द्वारा 20 से अधिक लोगों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन दस्ते द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई और आग पर काबू पा लिया गया है। हादसा स्थल पर अग्निशमन दस्ते का नेतृत्व कर रहे उपमहानिरीक्षक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।

हालांकि, प्रत्यक्षर्दिशयों ने रसोई गैस सिलेंडर से आग लगने की बात बताई है पर उपमहानिरीक्षक ने कहा, कि आग कैसे लगी, इस बारे में तत्काल पता नहीं लग पाया है। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण की जानकारी मिल सकेगी। इस बीच, पटना के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने पटना मेडिकल कालेज अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल के अधीक्षक को उपचार के लिए भर्ती कराए गए घायलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया, कि ‘सभी होटल और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, विशेष रूप से पटना जंक्शन के पास जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थित होटल और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन की तैयारियों का ऑडिट कराने का आदेश दिया गया है। हम अग्नि सुरक्षा मानदंडों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें