
गुरुग्राम। हीरो होंडा चौक के नजदीक टाटा मोटर्स के वेयरहाउस में अचानक आग लग गई। जब तक वेयरहाउस के कर्मचारी संभलते तब तक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया था।
आसपास की कंपनियों ने पानी की बौछार की गई, लेकिन काबू नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद मारुति और हल्दीराम सहित कई कंपनियों को सूचना दी गई। दमकल की 40 से अधिक गाड़ियां पहुंच चुकी हैं, लेकिन आग पर नियंत्रण नहीं। पूरा वेयरहाउस जल चुका है। उसमें रखे सभी स्पेयर पाटर्स जल चुके हैं या खराब हो गए।
वेयरहाउस में सुबह लगभग 11 बजे उस जगह पर आग लगी, जहां पर गत्ते रखे हुए थे। प्रथम दृष्टया शॉर्ट-सर्किट से आग लगने का कारण बताया जा रहा है। हालांकि, परिसर में ही वर्कशॉप है, जिसमें वेल्डिंग का काम चल रहा था। इससे आशंका है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भी आग लगी होगी। गत्ते की वजह से आग तेजी से फैल गई। तीन कर्मचारी वेयरहाउस के भीतर थे, वे आसानी से इसलिए निकल गए क्योंकि कई गेट हैं।
वेयरहाउस में टाटा मोटर्स के साथ ही हुंडई, आयशर सहित कई कंपनियों के स्पेयर पार्ट्स एवं ग्रीस का स्टाक रहता है। डीजल का भी स्टाक रहता है। गत्ते में लगी आग धीरे-धीरे ग्रीस के डिब्बों से लेकर डीजल के भंडार तक पहुंच गया। इससे आग ने ऐसा भीषण रूप धारण किया कि घंटों बाद भी उसके ऊपर नियंत्रण नहीं। अग्निशमन विभाग से लेकर सभी कंपनियों के पास भी सुविधा है, उनकी गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी हैं लेकिन, आग का रौद्र रूप कम होने की बजाय बढ़ता जा रहा है।
Also Read :