Site icon Dainik Savera Times

माता वैष्णो देवी में खतरनाक भूस्खलन… कई तीर्थयात्री फंसे, सभी यात्रा मार्ग बंद

जम्मू-कश्मीर: माता वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। बता दें कि कटरा से भवन की ओर जाने वाले पुराने मार्ग पर स्थित बाणगंगा क्षेत्र में तेज बारिश के चलते बड़ा भूस्खलन हो गया, जिसमें कई यात्री मलबे की चपेट में आ गए।

सुबह करीब 8 बजे हुए इस हादसे में पहाड़ी से अचानक चट्टानें और भारी मलबा गिरने लगा, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा पर थे, जिनमें से कई मलबे में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भारी बारिश के चलते ट्रैक पर बने सुरक्षा शेड भी ध्वस्त हो गए हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी

हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। श्राइन बोर्ड के कर्मचारी, पुलिस बल, पिट्ठू व पालकी सेवा कर्मियों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। अब तक कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया है। फिलहाल, मलबा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

-भूस्खलन के चलते महत्वपूर्ण रास्ते बंद

गौरतलब है कि बीते सप्ताह इस महत्वपूर्ण मार्ग पर भूस्खलन के चलते अस्थायी रूप से रास्ता बंद करना पड़ा था। हालांकि, श्राइन बोर्ड की सफाई टीमों ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे में मार्ग को पुनः चालू कर दिया था। लेकिन मंगलवार को फिर से आई भीषण बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

प्रशासन और श्राइन बोर्ड की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ और पुलिस बल भी मौके पर तैनात हैं ताकि फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।


श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

जम्मू-कश्मीर प्रशासन और माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित करें और स्थानीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही, लाइव अपडेट्स के लिए आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबरों के संपर्क में रहें। फिलहाल, मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।

Exit mobile version